26 लाख की ठगी करने वाला नेपाली ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे, लोगों की आस्था के साथ किया खिलवाड़

121

26 लाख की ठगी करने वाला नेपाली ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे, लोगों की आस्था के साथ किया खिलवाड़

चंदौली : अंधविश्वास का फायदा उठाकर तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को सदर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह अभियुक्त अब तक विभिन्न लोगों से करीब 26 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। उसके कब्जे से फर्जी दस्तावेज, तांत्रिक सामग्री और नकदी (चार लाख दस हजार रुपये) बरामद की गई है। कोतवाली पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को चंदौली रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से नेपाल का निवासी है और कुछ समय से बिहार में रहकर एक मस्जिद में मौलवी का काम करता था। करीब दो वर्ष पहले चंदौली के नसीरपुर गांव में मस्जिद में रहने के दौरान उसने ग्रामीणों को तंत्र-मंत्र के सहारे लोगों की झाड़ फूंक करने के नाम पर ठगना शुरू किया। उसने लोगों को अपने वश में करने, बीमारी ठीक करने, व्यापार में लाभ और मनचाही संतान देने जैसे प्रलोभन दिए। इसके बदले वह हर व्यक्ति से 20 हजार से लेकर लाखों रुपये तक वसूलता था।

अब तक करीब 26 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। उसके पास से फर्जी आधार कार्ड, नेपाली नागरिकता पत्र, झाड़-फूंक की सामग्री, नकदी चार लाख दस हजार रुपये, तंत्र-मंत्र की किताबें और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। तंत्र मंत्र की उर्दू भाषा की किताबें भी अपने साथ रखता था।

गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, थाना चंदौली, उ.नि. देवेंद्र बहादुर सिंह, उ.नि. कन्हैया लाल मौर्य, हे.का. रमेश यादव, हे.का. विजय कुमार गोंड शामिल रहे।

पुलिस ने किया आगाह

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तांत्रिक, ओझा या झाड़-फूंक करने वाले के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।