अंतरराज्यीय भूमिगत केबल चोर गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने 14 लाख की चोरी का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने हाईटेक अंदाज़ में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय केबल चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 300 मीटर 11 केवी भूमिगत विद्युत केबल तथा एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। बरामद केबल की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। यह गिरोह बिहार से संचालित हो रहा था और योजनाबद्ध तरीके से चंदौली जिले में वारदातों को अंजाम दे रहा था।
ठेकेदार बनकर की थी 1 किलोमीटर केबल की चोरी
प्रकरण के अनुसार, 24 मई की रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच पांच अभियुक्तों ने खुद को ठेकेदार बताकर औद्योगिक नगर टेंगरा मोड़ व रामनगर क्षेत्र में चलने वाले एक हाइड्रा और डीसीएम को किराए पर लेकर गणपति अपार्टमेंट के सामने ग्राम कटेसर से करीब 1 किलोमीटर भूमिगत केबल चुरा ली थी। चोरी की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था, और पुलिस को मिली तहरीर के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सूचना पर त्वरित दबिश, तीन चोर चढ़े हत्थे
ताजातरीन सफलता तब मिली जब औद्योगिक नगर क्षेत्र के पास ताहिरपुर गांव में भूमिगत केबल चोरी की पुख्ता सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मौके पर दबिश देते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 300 मीटर भूमिगत विद्युत केबल और स्कॉर्पियो बरामद हुई।
पूछताछ में किया 14 लाख की चोरी का खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि 24 मई को रात के समय ग्राम कटेसर से करीब 1 किलोमीटर केबल चोरी की थी, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख रुपये है। इनमें से 700 मीटर केबल बिहार में बेच दी गई, जबकि बाकी तार को खपाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
● नवीन कुमार शर्मा उर्फ प्रकाश (36 वर्ष) – ग्राम रेवढ़, थाना एकमा, जिला सारण, बिहार
● राजू कुमार (44 वर्ष) – ग्राम चौहट्टा, थाना खैरा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार
● मोहित कुमार उर्फ सन्नी (24 वर्ष) – ग्राम छितौली, थाना एकमा, जिला सारण, बिहार
प्रशंसनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम
इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक गगन राज सिंह के साथ उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला, मनीष तिवारी, हेड कांस्टेबल अरविंद यादव, अब्दुल कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, कांस्टेबल गौरव सिंह, विवेक यादव, वेटी सिंह और महिला कांस्टेबल ममता सिंह शामिल रहे।
पुलिस की सख्त चेतावनी : अपराधी चाहे जितना हाईटेक हो, बचेगा नहीं
वरिष्ठ अधिकारियों और क्षेत्रीय जनता ने पुलिस की तत्परता और सतर्कता की खुलकर प्रशंसा की है। चंदौली पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराध चाहे जितना भी हाईटेक हो, कानून के शिकंजे से बच पाना नामुमकिन है।


















