मोबाइल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, चार शातिर गिरफ्तार, लाखों के मोबाइल बरामद
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को धर दबोचा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ट्रेनों और आवासीय इलाकों में हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 30 चोरी के मोबाइल फोन और 7600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी जा रही है।
सीओ मुगलसराय राजीव सिसोदिया ने बताया कि आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देकर अपने महंगे शौक पूरे करते थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरपुर स्थित सनफ्लावर स्कूल के पास कुछ युवक चोरी के मोबाइलों का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाल गगन राज सिंह, जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला और दुल्हीपुर चौकी प्रभारी तरुण कुमार कश्यप की अगुवाई में टीम ने मौके पर छापेमारी कर अफजल, सूरज यादव, साहिल कुमार बिंद और शेखर पटेल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य आरोपी प्रिन्स साहनी फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे रात के अंधेरे में घरों में सेंध लगाते थे। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर चलती ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों के हाथों से मोबाइल छीनने के लिए वे उन्हें पानी की बोतल से वार कर गिरा देते थे और फिर मोबाइल लेकर फरार हो जाते थे। गिरोह ने मड़िया, जलीलपुर, चौरहट और डोमरी क्षेत्रों में कई चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
ट्रक चालकों को बेचते थे मोबाइल
चोरी किए गए मोबाइल फोन ये लोग ट्रक चालकों को बेच देते थे ताकि उन्हें ट्रेस करना मुश्किल हो। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि गिरोह ने 30 मई को तड़वाबीर बाबा मंदिर के पीछे स्थित एक घर से तीन मोबाइल और दस हजार रुपये नकद की चोरी भी की थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस की तत्परता और रणनीति से चोरों का खेल खत्म
इस कामयाबी से पुलिस को न सिर्फ कई अज्ञात चोरी के मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है, बल्कि आमजन में सुरक्षा को लेकर भरोसा भी बढ़ा है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















