सेवढ़ी हुदहुदीपुर में रुके विकास कार्यों को फिर मिली रफ्तार, प्रधान ने कैबिनेट मंत्री से की निर्णायक मुलाकात
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के सेवढ़ी हुदहुदीपुर गांव में लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को गति दिलाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से भेंट कर लंबित विकास कार्यों की सूची को लेकर एक पत्रक सौंपा। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि गांव की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
गांव की रोशनी और शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
गौरतलब है कि ग्राम प्रधान ने पूर्व में भी, 21 फरवरी 2025 को, सेवढ़ी हुदहुदीपुर गांव में विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर एक पत्रक कैबिनेट मंत्री को सौंपा था। इन कार्यों में प्रमुख रूप से राजकीय बालिका विद्यालय के नाम पर भूमि की बाउंड्री वॉल का निर्माण, स्वर्गीय विधायक रामजीत भारद्वाज की स्मृति में प्रवेश द्वार का निर्माण, बाबू कल्याण सिंह उन्नति योजना के अंतर्गत पांच हाईमास्ट लाइट और दस सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना शामिल है। ये सभी कार्य क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
प्रधान की मुहिम रंग लाने को तैयार
प्रधान आशुतोष कुमार सिंह ने इन परियोजनाओं के लम्बे समय से रुके रहने पर चिंता जताई और एक बार फिर मंत्री से मिलकर उनकी शीघ्र पूर्णता की मांग की। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पत्रक को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए। साथ ही उन्होंने प्रधान को जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से मिलकर समन्वय स्थापित करने की सलाह दी, ताकि प्रशासनिक स्तर पर कोई अड़चन न आए।
मुलाकात के दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों और क्षेत्रीय नागरिकों ने अब तक हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए प्रधान के प्रयासों की सराहना की। लोगों का मानना है कि यदि इन शेष कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा कर लिया जाए, तो सेवढ़ी हुदहुदीपुर गांव चहनियां क्षेत्र में एक आदर्श ग्राम के रूप में उभर सकता है।
प्रधान आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनका लक्ष्य गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है, और इसके लिए वे लगातार शासन-प्रशासन से संवाद बनाए हुए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कैबिनेट मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद जल्द ही सेवढ़ी हुदहुदीपुर में रुके हुए विकास कार्यों की गाड़ी दोबारा पटरी पर लौटेगी।


















