सकलडीहा पुलिस ने किया मासूम मंजर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, सगा चाचा निकला हत्यारा
चन्दौली : सकलडीहा थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम मंजर अली की रहस्यमय गुमशुदगी और उसकी हत्या के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के सगे चाचा को गिरफ्तार किया है, जिसने पारिवारिक मनमुटाव के चलते इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया।
घटना का विवरण
विदित हो कि 4 मई 2025 को ग्राम नौरंगाबाद निवासी ग्राम प्रधान अरसद अली अंसारी ने थाने में तहरीर दी थी कि उनका पांच वर्षीय पौत्र मंजर अली पुत्र समीर अली सुबह 10 बजे से लापता है। बच्चा दरवाजे पर खेल रहा था, तभी अचानक गायब हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।
पुलिस की गहन जांच में हुआ खुलासा
थाना सकलडीहा की पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन के माध्यम से गहन जांच की। जांच में मृतक के सगे चाचा असलम उर्फ अरमान पुत्र अरशद अंसारी का नाम सामने आया। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि उसने पारिवारिक विवाद के चलते अपने भतीजे को घुमाने के बहाने साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव को धानापुर थाना क्षेत्र के एक कुएं में फेंक दिया।
शव और सबूत हुए बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP67AM 3398), घटना के दिन पहना गया कपड़ा, हेलमेट और जूते भी बरामद किए गए।
गिरफ्तारी एवं कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी असलम उर्फ अरमान को 17 मई को शाम 7 बजे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में हुई कार्रवाई
इस पूरे घटनाक्रम का सफल अनावरण पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) व क्षेत्राधिकारी रघुराज के मार्गदर्शन में सकलडीहा थाना प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल के नेतृत्व में किया गया।
पुलिस टीम का उल्लेखनीय योगदान
इस मामले में तत्परता से कार्य करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक हरिनारायण पटेल, उपनिरीक्षक जनक सिंह (चौकी प्रभारी डेढ़ावल), उपनिरीक्षक विजय राज (चौकी प्रभारी नईबाजार), कांस्टेबल विकास कुमार, अभिलाष यादव, अभिषेक सिंह व रोहित गौड़ शामिल रहे।
समाज में व्याप्त आक्रोश
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक मासूम की जान पारिवारिक विवाद की भेंट चढ़ जाना समाज के लिए एक गंभीर प्रश्नचिन्ह है। ग्रामीणों में इस अमानवीय कृत्य को लेकर भारी रोष व्याप्त है।


















