दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
चंदौली : जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत वर्दीसाडा नहर के समीप मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई। दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में यह भीषण हादसा हुआ, जिसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी 21 वर्षीय प्रदीप राय अपने 16 वर्षीय चचेरे भाई अभिषेक राय के साथ मंगलवार शाम को किसी कार्यवश वर्दीसाडा नहर की तरफ जा रहा था। उसी दौरान सामने से आ रहे सकलडीहा थाना क्षेत्र के पौरा गांव निवासी 18 वर्षीय नीरज कुमार की बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आस-पास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल तीनों को गंभीर अवस्था में धानापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
इस हादसे की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष हरिनारायण पटेल ने बताया कि यह दुर्घटना दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुई है, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
जैसे ही यह खबर मृतकों के परिजनों तक पहुंची, गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से अमरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं नीरज कुमार के गांव पौरा में भी मातम पसरा हुआ है। यह हादसा एक बार फिर से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है। युवाओं की असमय मौत ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।


















