पूर्व विधायक ने धूमधाम से मनाई पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती, वृद्धजनों में बांटा कंबल
चंदौली : सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के सैयदराजा स्थित आवास पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती धूमधाम से उत्सव के रूप में मनाई गई. इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने क्षेत्र से आए वृद्धजनों, विकलांगों व निराश्रित महिलाओं का सम्मान किया. उनके हाथों केक कटवाया और उन्हें मिठाई खिलाकर मुलायम सिंह की जयंती मनाई. साथ ही नेताजी मुलायम सिंह यादव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शीश नवाया. इसके बाद उन्होंने जयंती उत्सव में उपस्थित वृद्धजनों, विकलांगों व महिलाओं के बीच कंबल का वितरण किया.
इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि मुलायम सिंह यादव को जनकल्याण की दिशा में किए गए कार्यों के लिए लोग आज भी पूरी श्रद्धा के साथ याद करते हैं. उन्होंने देश का रक्षामंत्री रहते हुए कई अभूतपूर्व व ऐतिहासिक फैसले लिए. उनके प्रयासों का प्रतिफल है कि आज सेना व अर्द्धसैनिक बलों के शहीद जवानों के शव राजकीय सम्मान के साथ परिवार तक पहुंचाए जाते हैं. उन्होंने सूबे का मुख्यमंत्री रहते हुए यूपी जैसे बड़े राज्य के विकास को गति प्रदान किया. कहा कि मुलायम सिंह ने कुशल नेतृत्व क्षमता के बूते राजनीतिक के शिखर पर पहुंचने के बाद भी वह जमीन से जुड़े रहे. उन्होंने अपनों का हमेशा ख्याल रखा. गरीब, पिछड़ों, कमजोर वर्ग की सामाजिक व आर्थिक दशा बदलने के साथ ही उन्हें राजनीतिक में उचित भागीदारी देकर समाज की मुख्य धारा से जोड़ा. उन्होंने समाजवादी विचारधारा को केंद्र में रखकर राजनीति व समाजसेवा किया. कभी किसी भी वर्ग, संप्रदाय में भेद किए बिना जरूरतमंदों व पीड़ितों की मदद की. ऐसी महान शख्सित का ना होना हम सभी के लिए बड़ी क्षति है. ऐसी स्थिति में हम सभी को उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाजवादी विचारधारा को आगे ले जाना होगा, ताकि समाज में समरसता, एकता व एकरूपता कायम रहे. इस अवसर पर संतोष उपाध्याय, अर्जुन अग्रहरि, मयंक यादव, अजय मौर्या आदि उपस्थित रहे.


















