सफाईकर्मियों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने खुद किया सफाई कार्य

215

सफाईकर्मियों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने खुद किया सफाई कार्य

चंदौली : प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत सुन्दर भारत के सपनों को अधिकारी और कर्मचारी पलीता लगाने में जुटे हुए है. स्वछता की जिम्मेदारी संभाल रहे सफाई कर्मी गांवों में अपना दर्शन देने से परहेज कर रहे है. कभी कभार जा भी रहे है तो प्रधानों के यहां हाजिरी लगा कर चले जा रहे है. साफ-सफाई से मानो उनका कुछ लेना देना ही नहीं है. जिससे ग्रामीणों को काफ़ी फ़जीहत झेलनी पड़ रही है.

त्यौहारी सीजन में गंदगी झेल रहे ग्रामीणों को सफाई के लिये आगे आना पड़ रहा है. चहनियां क्षेत्र के खंडवारी गांव में सड़कों रास्तों पर उगी झाड़ियां और बस्तियों में बजबजाती नालियों से आजिज ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान करके नालियों की सफाई किया. साफ सफाई की ये हालत खंडवारी, चहनियां, मारूफपुर, टांडाकला, नदेसर, सरौली, रामगढ़ सहित लगभग चहनियां ब्लॉक के अधिकांश गांवों की है. खण्डवारी बन्धवापर के ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई न होने की शिकायत प्रधान और एडीओ पंचायत से करने के बावजूद भी कोई समाधान नही हो रहा है. एडीओ रोस्टर लगा कर सफाई कार्य कराने का दावा ऑफिस में बैठकर कर रहे है, कभी मौके पर भौतिक सत्यापन नही करते. जिससे सफाई कर्मी बेपरवाह और अपने काम के प्रति उदासीन हो गये है और गाँवो में गन्दगियों का अम्बार लगा हुआ है. जिससे संक्रामक रोगों सहित मलेरिया व डेंगू जैसी जानलेवा बीमारियों के पाँव पसारने का खतरा बना हुआ है.