किसानों को मुफ्त बंटेगा तोरिया के 250 पैकेट बीज

68

किसानों को मुफ्त बंटेगा तोरिया के 250 पैकेट बीज

चंदौली : कृषि विभाग द्वारा दलहनी व तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है. जिससे इसकी महंगाई पर अंकुश लगाया जा सके. किसानों को परंपरागत खेती के अलावा दलहनी व तिलहनी खेती करने पर काफी जोर है. इसके लिए किसानों को मुफ्त बीज का मिनी किट दिया जा रहा है. इस साल रवी सीजन में तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ाने को कृषि विभाग द्वारा किसानों में मुफ्त तोरिया व सरसों एवं अलसी बीज का पैकेट दिया जायेगा. जिससे किसान इसकी बुवाई कर अच्छी पैदावार कर सके. किसानों में तोरिया के 250 पैकेट, सरसो बीज का 1500 मिनीकिट एवं अलसी बीज का 300 मिनीकिट मुफ्त वितरण किया जाएगा. मिनीकिट प्राप्त करने वाले लाभार्थी कृषक का किसान पंजीकरण योजना में पंजीकृत होना अनिवार्य है तथा इसका वितरण POS मशीन से बॉयोमीट्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा. सदर, चहनियां, धानापुर एवं चकिया विकास खंड में तोरिया के 25-25 किलो० (सामान्य बिक्री हेतु 50 प्रतिशत अनुदान) पर वितरण किया जाएगा. वही नियामताबाद, सकलडीहा, बरहनी, शहाबगंज एवं नौगढ़ विकास खंड में तोरिया के 20-20 किलो० (सामान्य बिक्री हेतु 50 प्रतिशत अनुदान) पर वितरण किया जाएगा.

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि वर्तमान समय में जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भंडारों पर तोरिया का बीज उपलब्ध है. जिसका विक्रय मूल्य 110 रुपया प्रति किलोग्राम है. जिसको 50% अनुदान के बाद 55 रुपया प्रति किलोग्राम के दर पर कृषक क्रय कर सकते है. बताया कि सभी विकास खंडो के राजकीय कृषि बीज भंडारों से किसानों को POS मशीन पर अंगूठा लगाने पर 2 किलो० बीज का पैकेट निःशुल्क दिया जाएगा.

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भंडारों पर तोरिया सरसों एवं अलसी का बीज मिनी किट (प्रति मिनीकिट दो किलोग्राम के पैकेट में) उपलब्ध है. दो किलोग्राम बीज में एक एकड़ क्षेत्रफल हेतु पर्याप्त है. जिन किसान भाइयों को एक एकड़ क्षेत्रफल में तोरिया, सरसों की बुवाई करनी है, उनसे अपील है कि अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार पर आधार कार्ड के साथ स्वयं उपस्थित होकर उच्च गुणवत्ता का तोरिया, सरसों एवं अलसी बीज मिनीकिट निःशुल्क प्राप्त कर इसका लाभ लें. तोरिया व सरसों का बीज पहले आओ पहले पाओ के आधार पर वितरित किया जा रहा है.