यूपी में झमाझम बारिश ने लगाए किसानों की उम्मीदों को पंख, हो सकती है अच्छी पैदावार
लखनऊ : इस मॉनसून सीजन में शुरुआत से ही बारिश होने से फसलों की बोआई पहले ही अच्छी हुई है. अब तक धान की बोआई 102% और कुल बोआई 100% से ज्यादा हो चुकी है. अब सितंबर में भी लगातार बारिश हो रही है. इसने पैदावार अच्छी होने की किसानों की उम्मीदों को पंख लगा दिए हैं. मॉनसून सीजन जून से सितंबर तक होता है. इस साल 25 जून से लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है. अब तक जून से 11 सितंबर तक प्रदेश में कुल 85.80% बारिश हो चुकी है. पिछले साल अब तक 76.80% बारिश हुई थी. वहीं, उससे पहले 2022 में अब तक महज 47% ही बारिश हुई थी. सितंबर में इस साल अब तक 71.1% बारिश हो चुकी है. बुधवार को भी 60 से ज्यादा जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है. शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी बारिश तो कई जिलों में सामान्य बारिश होने की संभावना है.
सब्जियों को छोड़कर सबको फायदा
प्रदेश में तय लक्ष्य की तुलना में 102.261% धान की बोआई हो चुकी है. सभी फसलों की कुल बोआई भी 102.21 लाख हेक्टेअर में हो चुकी है. यह तय लक्ष्य 102.05 से ज्यादा है. अब भी लगातार बारिश होने से फसल की बढ़त काफी अच्छी हो रही है. उप्र कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिक डॉ. विनोद तिवारी ने बताया कि कुछ जिलों को छोड़कर ज्यादातर जिलों में बारिश अच्छी हुई है. मुख्य फसल धान और गन्ना है. इस समय हो रही बारिश दोनों ही फसलों के लिए बेहतर है. भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम वर्मा ने बताया कि सब्जियों को छोड़कर बाकी फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद है.


















