अधूरी सड़क पर बिखरी गिट्टियां बन रहीं जानलेवा, हादसे में ऑटो चालक की हो चुकी है मौत, दीपावली बाद काम में तेजी लाने का एक्सईएन ने दिया भरोसा

18

अधूरी सड़क पर बिखरी गिट्टियां बन रहीं जानलेवा, हादसे में ऑटो चालक की हो चुकी है मौत, दीपावली बाद काम में तेजी लाने का एक्सईएन ने दिया भरोसा

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ से दरियापुर होते हुए आसपास के गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क पर अधूरा निर्माण राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पर जगह-जगह बिखरी गिट्टियां अब हादसों को दावत दे रही हैं। आए दिन बाइक सवारों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के फिसलकर घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। चिंताजनक बात यह है कि इसी सड़क पर बीते एक नवंबर को गिट्टियों के कारण ऑटो पलट गया था, जिसमें चालक तिलकधारी गोस्वामी की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद भी निर्माण कार्य की रफ्तार नहीं बढ़ने से क्षेत्रीय लोगों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों के अनुसार रामगढ़ में करीब 200 मीटर सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। दरियापुर में भी कई स्थानों पर सड़क अधूरी पड़ी है। हसनपुर से कुरा गांव के बीच निर्माण कार्य आधा-अधूरा है, जबकि महमदपुर में एक पुल के पास सड़क के एक तरफ का निर्माण अब तक नहीं कराया गया है। इन स्थानों पर सड़क पर फैली गिट्टियों से दिन में भी दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। वहीं रात के समय पर्याप्त प्रकाश और चेतावनी संकेतकों के अभाव में दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, छात्र-छात्राओं, किसानों और आम राहगीरों के अलावा बाबा कीनाराम मठ में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कथित लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं तपोस्थली रामगढ़ के चौमुखी विकास और मठ तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने की घोषणा के क्रम में इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण की मौजूदा स्थिति विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को उजागर कर रही है।

क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी से अधूरे निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराने, संबंधित कार्यदायी संस्था, ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही सड़क पर बिखरी गिट्टियों को तत्काल हटवाने, चेतावनी संकेतक लगाने और आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को तिलकधारी गोस्वामी जैसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

दीपावली बाद सुचारू होगा निर्माण कार्य

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राजेश कुमार ने बताया कि सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है। मुआवजे को लेकर कुछ समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसका अब निस्तारण कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद निर्माण कार्य सुचारू रूप से कराया जाएगा।