शिकारगंज सहकारी समिति पर खाद के लिए किसानों की लंबी कतार, डीएपी की कमी से बढ़ी परेशानी

30

शिकारगंज सहकारी समिति पर खाद के लिए किसानों की लंबी कतार, डीएपी की कमी से बढ़ी परेशानी

चंदौली : जनपद के शिकारगंज क्षेत्र में खाद की किल्लत को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार सुबह शिकारगंज सहकारी समिति पर डीएपी और यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें लग गईं। सूखे की मार झेल रहे किसान अब खाद की कमी से भी जूझ रहे हैं, जिससे उनमें भारी नाराजगी देखने को मिली।

किसान विकास मंच के नेता सरोज कुमार यादव ने बताया कि शिकारगंज सहकारी समिति पर अब तक फास्फेटिक उर्वरक के नाम पर केवल एक ट्रक डीएपी और एक ट्रक एनपीके का ही वितरण किया गया है, जबकि इस समिति पर लगभग 40 गांवों के किसान निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि किसान आधार कार्ड, किसान आईडी समेत सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

किसान ईश्वरी शरण सिंह ने बताया कि प्रति किसान केवल दो बोरी यूरिया दी जा रही है। खाद पाने के लिए किसानों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी लगातार खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहे हैं, लेकिन शिकारगंज में हालात इसके विपरीत दिखाई दे रहे हैं।

खाद की समस्या को लेकर किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने सहकारिता सहायक निबंधक रवि प्रकाश सिंह तथा एडीसीओ शशि सौरभ राय से शिकायत की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जैसे ही शिकारगंज समिति के सचिव द्वारा चेक उपलब्ध कराया जाएगा, तत्काल डीएपी और यूरिया की अतिरिक्त खेप भेज दी जाएगी। अधिकारियों का कहना था कि विभाग के स्तर पर खाद की कोई कमी नहीं है।

खाद की मांग को लेकर समिति परिसर में आक्रोश व्यक्त करने वालों में वकील यादव, अजीत कुमार, ईश्वरी शरण सिंह, रामकरण चौहान, आदित्य मौर्य, सरोज कुमार यादव, गुरुचरण, राम किशुन, असलम खान तथा राम अवध यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि समय पर फसलों की बुवाई और पोषण का कार्य प्रभावित न हो।