पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, कई दिनों की दबिश के बाद मुगलसराय पुलिस को मिली बड़ी सफलता

33

पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, कई दिनों की दबिश के बाद मुगलसराय पुलिस को मिली बड़ी सफलता

चंदौली : दुलहीपुर चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने के चर्चित मामले में मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल दो सगे भाइयों प्रिंस सोनकर उर्फ विराट सोनकर तथा अमरजीत सोनकर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

बताया जाता है कि घटना के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं अभियान की कमान संभाली। उनके निर्देशन में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश तेज कराई गई, जिससे पुलिस लगातार उनके करीब पहुंचती गई।

पुलिस के बढ़ते दबाव और सघन तलाशी अभियान के चलते आखिरकार दोनों वांछित आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए। पुलिस अधिकारियों ने इस गिरफ्तारी को प्रभावी रणनीति, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम बताया है।

गौरतलब है कि सावन माह के दौरान प्रशासनिक आदेश के अनुपालन में मीट एवं मुर्गा दुकानों पर नोटिस तामील कराने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया था। इस दौरान दुलहीपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह घायल हो गए थे। आरोप है कि हमलावरों ने एक सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की।

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।