श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा कीनाराम मठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़

13

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा कीनाराम मठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़

चंदौली : पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जिले भर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

इसी क्रम में चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं प्राचीन मठ में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही दूर-दराज़ क्षेत्रों से श्रद्धालु मठ पहुंचने लगे। बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि पर मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा शिव आराधना के साथ बाबा कीनाराम का स्मरण करते हुए अपने परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।

श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर पूरे मठ परिसर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के मुख से लगातार “हर-हर महादेव” और “जय बाबा कीनाराम” के उद्घोष गूंजते रहे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों द्वारा व्यवस्था संभाली गई, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

श्रद्धालुओं का कहना था कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि सावन के प्रत्येक सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में हर वर्ष की भांति इस बार भी आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा की कृपा और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।