प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार, कंदवा पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर की कार्रवाई

62

प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार, कंदवा पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर की कार्रवाई

चंदौली : कंदवा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर भारत के प्रधानमंत्री के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट एवं संपादित फोटो वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में कंदवा पुलिस ने मुकदमा संख्या 62/2026, धारा 66 आईटी एक्ट से संबंधित कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्येन्द्र प्रसाद पुत्र रामवचन विन्द उर्फ भगवान (24 वर्ष) निवासी ग्राम खुरहट परशुरामपुर, थाना कंदवा को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी तथा उनकी फोटो को अपमानजनक ढंग से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। मामले की जानकारी मिलते ही कंदवा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई है। उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक प्रक्रिया जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल भरत सिंह तथा कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल रहे।