चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा, क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल

355

चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा, क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल

चंदौली : जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पछफेड़वा नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी धर्मेंद्र तिवारी (35), पुत्र रंगनाथ तिवारी, श्रद्धा नेत्रालय में कार्यरत थे तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य भी थे। रविवार सुबह वह अपने साथी अमित के साथ टीवीएस बाइक (संख्या UP 65 F 0602) से वाराणसी के सुंदरपुर स्थित श्रद्धा नेत्रालय जा रहे थे।

इसी दौरान पछफेड़वा गांव के समीप तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही धर्मेंद्र तिवारी सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में धर्मेंद्र तिवारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार अमित गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया जाता है कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस एवं अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

अलीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहनों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।