बेकरी की दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध पटाखों का गोदाम, पुलिस ने 103 किलो पटाखों के साथ एक को दबोचा
चंदौली : जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेकरी की दुकान की आड़ में संचालित पटाखों के गोदाम का भंडाफोड़ किया है। चहनियां चौराहे के पास स्थित रिद्धी बेकर्स की दुकान के बगल वाले कमरे से पुलिस ने 103 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को बलुआ थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चहनियां चौराहे के पास रिद्धी बेकर्स की दुकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से सटे कमरे में नौ गत्तों में भरकर रखे गए पटाखे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर इनका कुल वजन 103 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने मौके से राहुल सिंह पुत्र सतीश सिंह चौहान, निवासी खंडवारी चहनियां, थाना बलुआ को गिरफ्तार कर लिया। बरामद पटाखों में चकरी, फुलझड़ी, अनार, पाइप बम, बुलेट बम, सुतली बम, चटाई पटाखे और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और अनुमति के सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था। इससे आसपास के लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था।
इस मामले में थाना बलुआ में मुकदमा अपराध संख्या 309/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा, मनोज कुमार, अनमोल वर्मा और संदीप कुमार शामिल रहे।


















