अखिलेश यादव का जन्मदिन धूमधाम से मना, 2027 में सपा सरकार के संकल्प के साथ दिखा उत्साह
चंदौली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन मंगलवार को जनपद भर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर, फल व मिष्ठान वितरित कर, और जनसंपर्क कर अपने नेता का जन्मदिन सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। इस अवसर पर “जनता का नेता, अखिलेश हमारा” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के सलेमपुर दलित बस्ती, धीना मार्केट, जेवरियाबाद बिंद बस्ती, माधोपुर गांव समेत कई स्थानों पर जनभागीदारी के साथ आयोजन हुए। जहां कार्यकर्ताओं ने न केवल जन्मदिन की खुशियां बांटी, बल्कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार की वापसी का संकल्प भी दोहराया।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने नेतृत्व करते हुए कई गांवों में दलित, पिछड़े एवं वंचित समाज के बीच जाकर केक काटा, फल और मिठाइयों का वितरण किया। उन्होंने अखिलेश यादव को दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जो योजनाएं और नीतियां बनाईं, वे आज भी जनहित की मिसाल हैं।”
मनोज सिंह डब्लू ने कहा, “अखिलेश यादव एक दूरदर्शी नेता हैं, जो प्रदेश और देश की तरक्की, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर गंभीर सोच रखते हैं। उन्होंने हमेशा संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय की रक्षा की है।” उन्होंने आगे कहा कि 2027 में सपा सरकार बनते ही सैयदराजा क्षेत्र में पम्प कैनालों की दशा सुधारी जाएगी, नए स्कूल-कॉलेज की स्थापना कर शिक्षा व्यवस्था को सशक्त किया जाएगा, और चरमराई स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाएगा।
जन्मदिन के इस आयोजन को केवल एक जश्न नहीं, बल्कि 2027 के लिए तैयार हो रहे सामाजिक आंदोलन के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान लोगों को सपा सरकार की पूर्व उपलब्धियां भी बताई गईं और हर वर्ग के लोगों को जोड़ने का संकल्प दोहराया गया।
समाजवादी कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के जन्मदिन को सामाजिक समरसता और राजनीतिक चेतना का पर्व बना दिया।


















