धानापुर में श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाया गया शहीद दिवस, विधायक सुशील सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को किया नमन
चंदौली : धानापुर कस्बा स्थित शहीद स्मारक परिसर में रविवार को शहीद दिवस श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विधानसभा सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शहीदों को नमन कर उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान की वजह से ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। शहीदों की कुर्बानी को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
विधायक ने कहा कि शहादत का दिन राजनीति का मंच नहीं है। इस पावन अवसर पर किसी भी राजनीतिक दल को राजनीति से ऊपर उठकर शहीदों को नमन करना चाहिए। उन्होंने सभी दलों और लोगों से एकजुट होकर अमर बलिदानियों को याद करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। लोगों ने भारत माता के वीर सपूतों के जयकारे लगाते हुए शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
गौरतलब है कि धानापुर में प्रत्येक वर्ष 16 अगस्त को शहीद दिवस मनाया जाता है। 16 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ थाने पर तिरंगा फहराने के प्रयास में हुए संघर्ष के दौरान ब्रिटिश पुलिस की गोलीबारी में धानापुर के वीर सपूत हीरा सिंह, महंगू सिंह और रघुनाथ सिंह शहीद हो गए थे। इन अमर बलिदानियों की शहादत और अदम्य साहस की स्मृति में धानापुर को ‘शहीद भूमि’ के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे और सभी ने अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।


















