दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता के साथ ये 6 मंत्री लेंगे शपथ, बीजेपी की लिस्ट सामने आ गई

54

दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता के साथ ये 6 मंत्री लेंगे शपथ, बीजेपी की लिस्ट सामने आ गई

नई दिल्ली : बीजेपी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता को चुना है. आज रामलीला मैदान में वो सीएम पद की शपथ लेंगी. बीजेपी दिल्ली में महिला चेहरा पेश करना चाहती है. वहीं रेखा गुप्ता की कैबिनेट में 6 मंत्री भी होंगे. इनकी लिस्ट भी सामने आ गई है. बीजेपी ने दिल्ली की कैबिनेट में प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा समेत 6 लोगों के नाम हैं. बीजेपी ने कैबिनेट में जाट, सिख, पंजाबी, दलित और पूर्वांचली नेताओं को शामिल करके जातिगत संतुलन साधने की कोशिश की है.

रेखा गुप्ता की कैबिनेट में कौन-कौन?

मुख्यमंत्री के चयन के बाद दिल्ली की कैबिनेट भी सामने आ गई है. नए मंत्रिमंडल में प्रवेश वर्मा (जाट), मनजिंदर सिरसा (सिख), आशीष सूद (पंजाबी) और रविंदर इंद्रज सिंह (दलित) शामिल होंगे. पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व पंकज सिंह और कपिल मिश्रा करेंगे. रेखा गुप्ता के साथ कुल छह मंत्री गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ लेंगे.

दिल्ली की चौथी महिला सीएम

बीजेपी की विधायक दल की बैठक बुधवार को दिल्ली कार्यालय में हुई. इसमें रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से नेता चुना गया. प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने उनका नाम प्रस्तावित किया. आशीष सूद समेत नौ विधायकों ने समर्थन किया. रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी. उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. बीजेपी से वो दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी. शपथ के बाद वह ममता बनर्जी के साथ देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी. बीजेपी शासित राज्यों में वह अकेली महिला मुख्यमंत्री होंगी. रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं. इससे पहले वह तीन बार पार्षद रह चुकी हैं. उन्होंने अपना राजनीतिक सफर ABVP से शुरू किया था..वह दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं.

शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी

इससे पहले बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर हुई. शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी की गई है. इसमें पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. बीजेपी के सहयोगी दल और विशेष अतिथि भी मौजूद रहेंगे. इनमें झुग्गी प्रधान, ऑटोरिक्शा और कैब चालक और गिग वर्कर शामिल हैं. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी, कांग्रेस दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव और अन्य नेताओं को भी न्योता भेजा गया है.