जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 300 फीट गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन, 5 जवानों की मौत, 5 जख्मी

    44

    जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 300 फीट गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन, 5 जवानों की मौत, 5 जख्मी

    जम्मू : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया. जिले में मंगलवार शाम सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया. इसमें पांच सैनिकों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. सेना के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना घरोआ इलाके में उस समय हुई, जब सेना का एक वाहन जिले के बनोई जा रहा था. उन्होंने बताया कि बचाव दल ने पांच शव बरामद कर लिए हैं. बचाव अभियान जारी है और घायलों का इलाज चल रहा है. सेना की ओर से व्हाइट नाइट कोर ने शोक व्यक्त किया और कहा कि पांच बहादुर सैनिकों के निधन पर गहरा दुःख है.

    सेना ने हादसे पर जताया दुःख

    भारतीय सेना की ओर से व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट में बताया कि व्हाइट नाइट कॉर्प्स पुंछ सेक्टर में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान हुए वाहन दुर्घटना में पांच बहादुर सैनिकों के दुखद निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. घायल कर्मियों का इलाज चल रहा है.

    300-350 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन

    जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना घरोआ इलाके में उस समय हुई, जब सेना का एक वाहन जिले के बनोई जा रहा था. बताया गया है कि कि वाहन करीब 300-350 फीट गहरी खाई में गिर गया. हादसे के समय वाहनों में 10 के करीब जवान सवार थे. हादसे की सूचना पर बचाव अभियान के लिए सेना और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है.