महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : सुनीता श्रीवास्तव
चंदौली : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव का बुधवार को चहनियां क्षेत्र के मारुफपुर बाजार स्थित सामाजिक कार्यकर्ता राकेश यादव ‘रौशन’ के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। राकेश यादव रौशन एवं अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य महिला आयोग प्रदेशभर में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। आयोग की सदस्य विभिन्न जिलों में जाकर महिलाओं की शिकायतें सुन रही हैं, जिससे घरेलू हिंसा सहित महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में कमी लाने में मदद मिल रही है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बेझिझक शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
महिला थानाध्यक्ष अलीनगर पूजा कौर ने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, अत्याचार या उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए महिला थाना पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं की सहायता और न्याय दिलाने के लिए महिला थाने के दरवाजे हर समय खुले हैं।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी किशन वर्मा, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी दीक्षा, बेचू गुप्ता, डॉ. राजेश निषाद, नेसार खान, तस्लीम खान, रामदयाल, राजेश यादव (बीडीसी), अमरजीत यादव, उमेश यादव, अलीशेर भाई, रमेश मौर्य तथा मारुफपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतलाल मौर्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


















