बिसौरी-सिरसी के बीच दर्दनाक हादसा, एक किलोमीटर के दायरे में ट्रेन से कटकर दो युवकों की मौत
चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के बिसौरी-सिरसी रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को एक ही दिन में एक किलोमीटर के दायरे में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पहली घटना में बिसुंधरी गांव निवासी 24 वर्षीय सामवंत कुमार की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इसी रेलवे ट्रैक पर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर दूसरी घटना में लगभग 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
लगातार हुई इन दो घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। साथ ही दोनों घटनाओं के कारणों की भी गहनता से जांच की जा रही है। एक ही दिन में एक ही रेलवे ट्रैक पर दो युवकों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।


















