दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे डीएम चंद्र मोहन गर्ग, सम्मान विशेष विद्यालय के औचक निरीक्षण में व्यवस्थाओं को परखा
चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को अलीनगर स्थित ‘सम्मान विशेष विद्यालय’ का औचक निरीक्षण कर दिव्यांग बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई, पठन-पाठन और विशेष बच्चों की देखभाल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षाओं में पहुंचे और दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने उनसे खेल सामग्री (स्पोर्ट्स किट) एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी। बच्चों की बात सुनकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण खेल सामग्री और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास में कोई बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण और कल्याणकारी योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को बच्चों की पढ़ाई, सुरक्षा, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत 13 शिक्षक एवं कर्मचारियों में 9 विशेष शिक्षक (स्पेशल एजुकेटर) और 4 शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने उनकी उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारी एवं विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।


















