चकिया में मनाया गया मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ का पुनर्प्राप्ति जन्मोत्सव
चंदौली : चकिया नगर के वार्ड नंबर-5 स्थित वैश्य समाज के जिला उपाध्यक्ष शिवरतन गुप्ता के आवास पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ का पुनर्प्राप्ति जन्मोत्सव रविवार को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन वैश्य समाज के नगर अध्यक्ष शुभम मोदनवाल के नेतृत्व में किया गया, जहां केक काटकर मंत्री नंदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव तथा वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल उपस्थित रहे। वहीं मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ‘आशु’ और समाजसेवी कैलाश प्रसाद जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर अध्यक्ष शुभम मोदनवाल ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत और सम्मान किया।
मुख्य अतिथि गौरव श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि 12 जुलाई 2010 को प्रयागराज में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ पर रिमोट नियंत्रित आरडीएक्स बम से जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में उनके सुरक्षाकर्मी एवं एक पत्रकार की मृत्यु हो गई थी, जबकि नंदी जी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लंबे उपचार के बाद उनके स्वस्थ होने पर उनके समर्थकों ने इस दिन को ‘पुनर्प्राप्ति जन्मोत्सव’ के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। उन्होंने कहा कि यह दिवस संघर्ष, साहस, ईश्वर की कृपा और जनसेवा के प्रति नंदी जी के अटूट समर्पण का प्रतीक है।
इस अवसर पर सभासद रवि गुप्ता, आलोक जायसवाल, सारांश केसरी, राजकिशोर गुप्ता, दिनेश कसौधन, रिंकू सोनकर, संजय चौहान, आलोक साहू, सुधीर गुप्ता, राजू चौहान, संजीव विश्वकर्मा, सुजीत वर्मा, शशिकांत प्रजापति, विजय जायसवाल, रमेश गुप्ता, सुदर्शन गुप्ता, सोनू गुप्ता सहित वैश्य समाज एवं भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


















