कर्मनाशा नदी में मछली पकड़ने गए युवक की डूबकर मौत, क्षेत्र में पसरा मातम
चंदौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र के सपही जंगल स्थित कर्मनाशा नदी में शनिवार सुबह मछली पकड़ने गए एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केराडीह (साहबगंज) निवासी जसवंत उर्फ गुड्डू (36 वर्ष) पुत्र नथुनी शनिवार सुबह कर्मनाशा नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया, जहां जलीय घास (शैवाल) में फंस जाने के कारण बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।
घटना को देख नदी किनारे मौजूद लोगों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर चकिया कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे तक चले खोज अभियान के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश और नदियों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए लोगों से गहरे पानी में न उतरने तथा पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।


















