अलीनगर पुलिस की बड़ी सफलता, छिनैती की वारदात का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चंदौली : थाना अलीनगर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए छिनैती की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सैमसंग की-पैड मोबाइल, 300 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, गहरपुरा निवासी सद्री प्रसाद ने थाना अलीनगर में तहरीर देकर बताया था कि 9 जुलाई की रात मुगलसराय से घर लौटते समय रामपुर रेलवे अंडरपास के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनके पास से सैमसंग की-पैड मोबाइल व 500 रुपये नकद छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पचफेड़वा रिंग रोड के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बब्बू यादव और अजीत यादव, निवासी गंजख्वाजा थाना अलीनगर के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने छिनैती की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात के बाद वे उसी मोटरसाइकिल से अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 300 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में बढ़ा पुलिस का भरोसा
थाना अलीनगर का कार्यभार हाल ही में संभालने वाले प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बेहद कम समय में अपनी सक्रिय कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व और अपराध नियंत्रण की रणनीति से पुलिस की कार्यकुशलता का परिचय दिया है। छिनैती जैसी घटना का त्वरित खुलासा कर उन्होंने यह संदेश दिया है कि अपराधियों के लिए अलीनगर क्षेत्र में अब बच निकलना आसान नहीं होगा। उनकी अगुवाई में लगातार तेज कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है, जबकि अपराधियों में कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।


















