सहारा एस्टेट पंडाल में देवी दुर्गा के साथ विराजमान होंगे राम लला, तैयारियां जोरों पर

60

सहारा एस्टेट पंडाल में देवी दुर्गा के साथ विराजमान होंगे राम लला, तैयारियां जोरों पर

लखनऊ : नवनिर्मित राम मंदिर के उत्साह में सराबोर, इस साल जानकी पुरम के सहारा एस्टेट पंडाल में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति होगा. दिलचस्प बात यह है कि अयोध्या के समान ‘राम लला’ की आदमकद मूर्ति भी देवी दुर्गा की मूर्ति के साथ रखी जाएगी. आयोजकों ने कहा कि चूंकि बहुत से लोग अयोध्या नहीं जा सकते, इसलिए वे इस पंडाल में राम मंदिर का नजारा दिखाना चाहते है.

सद्भावना सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष राम अवतार पाण्डेय ने कहा कि कोलकाता के कलाकार समय सीमा को पूरा करने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं, क्योंकि पूजा 3 अक्टूबर से नवरात्रि के साथ शुरू होने वाली है. यह समिति पिछले 24 वर्षों से पूजा का आयोजन कर रही है. 30 से अधिक कारीगरों को काम पर लगाया गया है और उनका नेतृत्व लोकप्रिय कलाकार असीम मत्या कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पंडाल हर तरफ से राम मंदिर जैसा दिखेगा. वही मत्या ने कहा कि लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह पंडाल 85 फीट ऊंचा और 70 फीट चौड़ा होगा. जिसकी गहराई 90 फीट होगी. 2000 बांस के साथ थर्मोकोल, कपड़ा और अलग-अलग लाइट का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भक्त 7 अक्टूबर से ही इसकी झलक देख सकेंगे. उन्होंने कहा, “मैंने एक बार मॉडल हाउस में राम मंदिर का पंडाल बनाया था, लेकिन यह बड़ा है और अंदर से भी राम मंदिर जैसा दिखेगा. राम लला को भी पहली बार रखा गया है. हर साल हम कुछ अनूठा करने की कोशिश करते हैं. पिछले साल हमने कोलकाता के बेलूर मठ का प्रदर्शन किया था और 2022 में आदमकद जहाज का पंडाल बनाया था.

समिति की महासचिव रीता घोष ने कहा कि चार ढाकी (ढोल बजाने वाले) जो पिछले 18 वर्षों से बंगाल के बांकुरा जिले से आ रहे हैं. षष्ठी से दशमी तक यहां रहेंगे और आनंदमय माहौल को बढ़ाएंगे. कोषाध्यक्ष आशीष दास गुप्ता ने बताया कि भोग वितरण के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. पूजा 7 अक्टूबर से आनंद मेला के साथ शुरू होगी और 13 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के साथ समाप्त होगी.