VIP कल्चर के खिलाफ पुलिस ने चलाया अभियान, चेकिंग के दौरान 74 वाहनों का किया चालान
चंदौली : लाल-नीली बत्ती का प्रयोग आमतौर पर वीआईपी, प्रशासनिक अधिकारियों व मुख्य रूप से पुलिस द्वारा किया जाता है. लेकिन नियम-कानून को ताक पर रख कुछ दबंगों द्वारा हूटर व नीली-लाल बत्ती का प्रयोग जमकर किया जाने लगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा वीआईपी कल्चर पर लगाम लगाने के दिये गए आदेश के बाद चंदौली पुलिस कार्रवाई में जुट गई है और ऐसे लोगों पर लगातार कड़ी नजर रख रही है.

33 वाहनों से उतरवाया गया प्रेशर हार्न
सीओ यातायात रघुराज के नेतृत्व में थाना अलीनगर क्षेत्र अंतर्गत यातायात पुलिस टीम द्वारा आलमपुर तिराहा पर चार पहिया वाहनों की जांच की गई. जांच के दौरान कुल 204 चार पहिया व दो पहिया वाहनों को रुकवाया गया. जिसमें 33 वाहनों से प्रेशर हार्न को उतरवाया गया और वहीं 41 दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठकर फर्राटा भर रहे और बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चालकों के विरुद्ध चालान किया गया. सीओ रघुराज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चंदौली डॉ अनिल कुमार के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा चेकिंग के दौरान वाहनों में लगे स्टीकर, बैनर, हूटर, सायरन को उतरवाया जा रहा है. साथ ही सभी को चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अगर वाहन में स्टीकर, हूटर, सायरन, काली फिल्म आदि लगी हुई मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. चेकिंग के दौरान बाइक सवारों को सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट लगाकर वाहन का संचालन करने की अपील की गई.

पुलिस अधीक्षक ने जारी की है विशेष एडवाइजरी
एसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने जनपद वासियों को विशेष एडवाइजरी जारी की है. एसपी द्वारा बताया गया है कि शासन के निर्देशानुसार निजी वाहनों पर हूटर, सायरन, लाल बत्ती, नीली बत्ती, पद सूचक, ब्लैक फ़िल्म के विरुद्ध अभियान चलाया गया है जो लोग भी अपने निजी वाहनों पर पद सूचक जैसे पुलिस, उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार आदि और ब्लैक फ़िल्म, हूटर, सायरन आदि लगाये हुए हैं, जो अधिकृत नहीं है वे लोग उसे स्वतः हटा लें. अन्यथा की स्थिति में चेकिंग के दौरान पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी.










