लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर बनेगा पेडिस्ट्रियन ब्रिज, डिजाइन देखकर कहेंगे मुस्कुराइए… खासियत जानें

50

लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर बनेगा पेडिस्ट्रियन ब्रिज, डिजाइन देखकर कहेंगे मुस्कुराइए… खासियत जानें

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की सुंदरता को बढ़ाने की योजना तैयार की गई है. राजधानी के गोमती रिवर फ्रंट पर लोग अधिक संख्या में आएं. वहां उनका अनुभव बेहतर हो, अब इस दिशा में योजना बनाई जा रही है. अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर गोमती रिवर फ्रंट पर भी एक नया पेडिस्ट्रियन ब्रिज बनाने की योजना बनाई गई है. इससे शहर के लोगों के साथ-साथ पर्यटकों का भी अनुभव शानदार हो जाएगा. लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से 100 मीटर लंबे और 10 मीटर ऊंचे ब्रिज को बनवाने की तैयारी की गई है. इस पेडिस्ट्रियन ब्रिज की डिजाइन के लिए एलडीए की ओर से विशेष योजना तैयार की गई. इसे आकर्षक और अनूठा बनाने के लिए देश भर के आर्किटेक्ट्स से डिजाइन मांगी गई. अब जो डिजाइन आई है, उसे देखकर आप भी वाह कह उठेंगे.

10 डिजाइन का हुआ है चुनाव

गोमती रिवर फ्रंट पेडिस्ट्रियन ब्रिज के लिए देश भर के 24 आर्किटेक्ट की डिजाइन प्राप्त हुई. इनमें से 10 डिजाइन को पहले चरण में शॉर्टलिस्टेड किया गया है. इन डिजाइनों को गोमती गेटवे, कथक ब्रिज, देव सेतु, स्माइलिंग ब्रिज, जश्न-ए-पल और तरंत सेतु जैसे थीम पर डिजाइन किया गया है. ब्रिज की इन डिजाइनों को अगर अमली जामा पहनाते हुए निर्माण कराया गया तो इसे देखकर आप भी कहेंगे, मुस्कुराइए, आप थीम ब्रिज पर हैं.

एलडीए वीसी ने बताई खासियत

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने कहा कि ब्रिज का निर्माण एडीसीपी ऑफिस के पास कराया जाएगा. इसके लिए जगह चिह्नित की गई है. इस ब्रिज पर केवल पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों को अनुमति मिलेगी. इसके अलावा ब्रिज पर व्यू प्वाइंट्स, डेक और इंटरटेनमेंट जोन भी बनाए जाएंगे. यह रिज करीब 100 मीटर लंबा, 15 मीटर चौड़ा और 10 मीटर ऊंचा होगा. यह ब्रिज आधुनिक थीम पर आधारित डिजाइन पर बना होगा.

मांगी गई थी थीम आधारित डिजाइन

पेडिस्ट्रियन ब्रिज को बेहतरीन बनाने के लिए एलडीए ने आर्किटेक्ट्स से विशेष थीम आधारित डिजाइन की मांग की थी. इसमें से गोमती गेटवे डिजाइन ने अधिकारियों को प्रभावित किया. यह थीम शहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहलुओं को दर्शाने वाली है. इसके अलावा कथक ब्रिज थीम को भी काफी पसंद किया गया. लखनऊ के प्रसिद्ध कथक नृत्य पर आधारित यह डिजाइन बेहद कलात्मक है.

एलडीए ने ज्यूरी पैनल की ओर से पहले चरण में चुनी गई 10 डिजाइनों में से सर्वश्रेष्ठ का चयन करने का निर्णय लिया है. इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ब्रिज का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा. वाहनों के इस ब्रिज पर न चलने से यह इनवायरमेंट फ्रेंडली होगा. साथ ही, यह साइकल और पैदल यात्रा को बढ़ावा देने वाला होगा.