गर्मियों की छुट्टी में चोरों का तांडव, प्राथमिक विद्यालय को बनाया निशाना

231

गर्मियों की छुट्टी में चोरों का तांडव, प्राथमिक विद्यालय को बनाया निशाना

चंदौली : जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय महड़ौरा में बीती रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। शासन के निर्देशानुसार इन दिनों विद्यालयों में गर्मी की छुट्टियों के चलते ताले लगे हैं, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने विद्यालय कार्यालय को निशाना बनाया और इनवर्टर, बैट्री, 65 इंच की एलईडी टीवी, टीवीआर सहित हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।

प्रधानाध्यापिका की सूचना पर पुलिस सक्रिय, जांच जारी

विद्यालय के बंद होने के कारण चोरी की इस वारदात का तत्काल पता नहीं चल सका। गुरुवार को जब प्रधानाध्यापिका सुनीता यादव विद्यालय पहुंचीं तो ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। विद्यालय के भीतर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि कई महंगे उपकरण गायब हैं। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही बलुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार विद्यालय में सीसीटीवी कैमरा तो लगा था, लेकिन वह लंबे समय से खराब पड़ा था, जिससे चोरों की पहचान में अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया और अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

कैलावर चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में हुई चोरी की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल अज्ञात चोरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि विद्यालयों की सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था की जानी चाहिए, क्योंकि अक्सर छुट्टियों के दौरान ऐसे संस्थानों को चोर निशाना बनाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और रात में गश्त बढ़ाई जाए।

चोरी की इस घटना ने न सिर्फ शिक्षा विभाग को झकझोरा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस कितनी जल्दी चोरों को पकड़कर इस मामले का खुलासा करती है।