यूपी में झमाझम बारिश को लेकर IMD की भविष्यवाणी, बदल सकता है मौसम… रातें सर्द, दिन में धूप से राहत

67

यूपी में झमाझम बारिश को लेकर IMD की भविष्यवाणी, बदल सकता है मौसम… रातें सर्द, दिन में धूप से राहत

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड का सितम जारी है. अयोध्या से लेकर लखनऊ तक और बरेली से लेकर लखीमपुर खीरी तक हर जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. वहीं कड़ाके की ठंड की वजह से लोग बीमार भी पड़ने लगे हैं. कई लोग खांसी, जुखाम और बुखार से पीड़ित है. वहीं आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम में तब्दीली हो सकती है. शनिवार और रविवार को प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही ठंड और कोहरे का सिलसिला ऐसे ही जारी रहने की संभावना है. कानपुर शहर में 4.4 डिग्री और लखनऊ में 6.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.

लखनऊ में गुरुवार को राहत

जनवरी के शुरुआती दिनों में कोल्ड डे कंडीशन के कारण ठिठुर रहे लखनऊ वासियों को गुरुवार को राहत मिली. दिन का पारा 3.1 डिग्री की बढ़त के साथ 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे पहले बुधवार की रात लोगों को गलन से जूझना पड़ा. 6.2 डिग्री सेल्सियस के साथ यह इस महीने की सबसे सर्द रात साबित हुई. शहर में गुरुवार सुबह अलग-अलग इलाकों में कोहरा छाया रहा. इसके बाद दिन चढ़ने पर धूप खिलने से मौसम खुशनुमा रहा. मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि शुक्रवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति रहेगी.

शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर

अमौसी स्थित लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में सुबह छिछले से मध्यम कोहरा छाया रहेगा. कुछ इलाकों में घने कोहरे की भी चेतावनी है. वहीं, दिन में धूप रहेगी. उन्होंने बताया कि शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा का रुख पुरवा हो जाएगा और रफ्तार भी बढ़ेगी. इससे बादल छाने की संभावना है. दोपहर बाद शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, रविवार को भी बूंदाबांदी के आसार हैं. वहीं, 13 जनवरी के बाद से फिर तापमान गिरेगा और सर्दी बढ़ने लगेगी.

9 दिनों में सबसे सर्द रात

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार की रात जनवरी की सबसे सर्द रात रही. रात का पारा 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे पहले 15 दिसंबर को सीजन की सबसे सर्द रात रेकॉर्ड हुई थी. तब रात का पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. वहीं, 12 दिसंबर को रात का पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस तो 14 दिसंबर को 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

यहां छाएगा घना कोहरा

10 जनवरी को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है. इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर घना कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार को चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी जिले में घना कोहरा छा सकता है. साथ ही संतरविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, बस्ती, गौरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में घना कोहरा छाने की संभावना है.

इसके साथ ही गोंडा, हरदोई, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर और सहारनपुर में भी घना कोहरा छाने की संभावना है। शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और उसके आसपास के इलाकों में भी घना कोहरा छा सकता है.

बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 जनवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव हो सकता है. शनिवार को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है. वहीं, पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. बारिश के बाद कंपकंपी वाली ठंड का सामना करना पड़ सकता है.