तेज स्पीड चार पहिया वाहन ने ली मजदूर की जान, चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

78

तेज स्पीड चार पहिया वाहन ने ली मजदूर की जान, चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के बिसुनपुरवा गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय पुनवासी गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर गांव निवासी पुनवासी गुप्ता चहनियां कस्बे में एक कबाड़ी की दुकान पर काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। गुरुवार को वे सकलडीहा किसी काम से गए थे और टीबीएस बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बिसुनपुरवा गांव के पास चहनियां-चंदौली हाइवे पर पहुंचे, तभी तेज गति में आ रही एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सहित वे सड़क पर उछलकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बलुआ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पुनवासी गुप्ता को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। गरीबी की मार झेल रहे इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की पत्नी गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुत्र पवन, जो मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है, को जैसे ही पिता की मौत की सूचना मिली, वह स्तब्ध रह गया। वहीं पुत्रियां सुमन, सुषमा, पिंकी और रचना भी गहरे सदमे में हैं।

पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा किया दर्ज

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार चार पहिया वाहन चालक की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की जा रही है।