कोइलरवा हनुमान मंदिर में 25 सितंबर से श्रीराम महायज्ञ, हनुमद् कथा व संत समागम का भव्य आयोजन

112

कोइलरवा हनुमान मंदिर में 25 सितंबर से श्रीराम महायज्ञ, हनुमद् कथा व संत समागम का भव्य आयोजन

चन्दौली : चकिया क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कोइलरवा हनुमान मंदिर में आगामी 25 सितंबर (अनंत चतुर्दशी) से 01 अक्टूबर तक सात दिवसीय श्रीराम महायज्ञ, हनुमद् कथा रहस्य एवं अखंड संत समागम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक महोत्सव में देश के विभिन्न पीठों के संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जबकि कथा व्यास एवं यज्ञकर्ता के रूप में स्वामी दयानिधि जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा एवं हनुमद् महिमा का दिव्य रसपान कराएंगे।

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मछली बंदर मठ, वाराणसी के श्रीमहंत एवं अखिल भारतीय दंडी संन्यासी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दंडी स्वामी विमल देव आश्रम जी महाराज कोइलरवा हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूरे मंदिर परिसर एवं आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ आश्रम के शिष्य स्वामी महेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी, योगेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी तथा आचार्य उदय शास्त्री भी मौजूद रहे। स्वामी विमल देव आश्रम जी महाराज ने आयोजन समिति को संतों, पीठाधीश्वरों एवं श्रद्धालुओं के आवास, भोजन, सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि देशभर से आने वाले संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। सात दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ एवं कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस अवसर पर चंदन तिवारी, विनय पांडे, संदीप, अतुल सिंह, राहुल, गुंजन, रिंकू पांडे, धर्मेंद्र उपाध्याय, राजन पासवान, विष्णु देवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।