सर्पदंश से 15 वर्षीय किशोरी की मौत, बीएचयू ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम, मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

187

सर्पदंश से 15 वर्षीय किशोरी की मौत, बीएचयू ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम, मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के रइया गांव में रविवार देर रात सर्पदंश की दर्दनाक घटना में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। परिजन उसे बचाने के लिए चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और फिर बीएचयू वाराणसी तक दौड़ते रहे, लेकिन रास्ते में ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार रइया गांव निवासी अनिल की 15 वर्षीय पुत्री पिंकी रविवार रात अपनी बड़ी बहनों गंगा और जमुना के साथ घर में फर्श पर सो रही थी। देर रात अचानक एक विषैले सर्प ने उसे डंस लिया। सर्पदंश के बाद पिंकी घबराकर उठी और बहनों को बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। बहनों ने पास में सर्प को रेंगते देखा तो शोर मचा दिया।

बच्चियों की आवाज सुनकर पिता अनिल और माता शिमला देवी मौके पर पहुंचे। पिंकी की हालत तेजी से बिगड़ती देख परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल पहुंचने तक पिंकी की हालत और नाजुक हो चुकी थी। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उसे बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बीएचयू के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पिंकी ने अंतिम सांस ले ली।

बताया जाता है कि मृतका के पिता अनिल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पिंकी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां शिमला देवी, पिता अनिल तथा बहनें गंगा और जमुना गहरे सदमे में हैं। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।