कृषकों को मिलेगा ₹6 लाख तक का ऋण, 6% प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगी सुविधा, कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ, जनपद स्तरीय कार्यक्रम में हुआ सजीव प्रसारण
चंदौली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ एवं ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, बी-पैक्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव तथा बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के तहत पात्र किसानों को ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।
योजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने ₹384 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि के साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों तथा आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भी शुभारंभ किया गया। बताया गया कि भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित सहकारी-नेतृत्व वाला डिजिटल राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसमें चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप में जुड़कर सहकारी भावना के साथ कार्य करेंगे। सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन उपलब्ध कराने के साथ चालकों के रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने सहकारिता आधारित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजना की जानकारी किसानों तक पहुंचाने तथा पात्र कृषकों को इससे जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रविप्रकाश सिंह, अपर जिला सहकारी अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, इफको प्रतिनिधि सहित जनपद की बी-पैक्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव तथा सहकारिता से जुड़े कृषक मौजूद रहे।


















