सहजन वृक्ष भंडारा से गूंजा दूबेपुर, बच्चों को बांटे गए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

29

सहजन वृक्ष भंडारा से गूंजा दूबेपुर, बच्चों को बांटे गए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

चंदौली : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास खंड चकिया के ग्राम सभा दूबेपुर में मंगलवार को ‘वृक्षारोपण महाभियान’ के तहत भव्य ‘सहजन वृक्ष भंडारा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चकिया रेंज के रेंजर अश्वनी कुमार चौबे ने किया। इस दौरान “जन-जन आओ, वृक्ष लगाओ, खुशहाली-समृद्धि बढ़ाओ” के प्रेरक संदेश के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य अतिथि रेंजर अश्वनी कुमार चौबे ने प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर के छात्र-छात्राओं को सहजन के पौधे वितरित किए और उन्हें पौधों का संरक्षण व नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि सहजन न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि अपने औषधीय गुणों के कारण मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत उपयोगी है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नूतन तथा सहायक अध्यापिकाओं सीता और अनीता भारती ने भी बच्चों को सहजन के औषधीय एवं पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देते हुए पौधों का वितरण किया। वहीं उपवन क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे ने भी बच्चों को पौधे भेंट कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वन विभाग के वन दरोगा जसवंत सिंह, अमित सिंह, रामशीष, कर्मचारी आदित्य कुमार, शिवबक्स, आजाद कुमार, अमित कुमार, अवनीश पाण्डेय, विनोद कुमार द्विवेदी, मोहित पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र की खुशहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।