चंद्रप्रभा रेंज में सहजन एवं आम भंडारा का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

84

चंद्रप्रभा रेंज में सहजन एवं आम भंडारा का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

चंदौली : पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चंद्रप्रभा रेंज के राजदरी अनुभाग (पुरानाडीह, मौजा तलरा) में ‘सहजन भंडारा एवं आम भंडारा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहजन एवं आम के पौधों का वितरण कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी चकिया अर्जुन सिंह एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश कुमार दुबे सहित स्थानीय गणमान्य नागरिकों और वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि सहजन (मोरिंगा) अपने औषधीय एवं पोषक गुणों के कारण सुपरफूड के रूप में जाना जाता है, जबकि आम का पेड़ पर्यावरण संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति का भी अभिन्न हिस्सा है। इन पौधों का रोपण क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने के साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।

इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान सफल हो सकते हैं। स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सामाजिक उत्सव का रूप लेता है और पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की भावना भी मजबूत होती है।

चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य अपनी प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की हरित धरोहर को सहेजने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर वन विभाग की टीम और स्थानीय नागरिकों की सराहना की गई।