गणतंत्र दिवस पर चहनियां में उमड़ा जनसैलाब, प्रांजल की तिरंगा यात्रा बनी शक्ति प्रदर्शन का मंच
चंदौली : गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर चहनियां क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और जनसमर्थन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी शिवांश त्रिपाठी उर्फ प्रांजल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक यात्रा में लगभग 500 से अधिक युवाओं ने उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के जज़्बे के साथ सहभागिता की, जिससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर हो गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ चहनियां स्थित सुप्रसिद्ध मां काली मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन के साथ हुआ। इसके बाद सजे-धजे वाहनों का काफिला, हाथों में तिरंगा, देशभक्ति नारों और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ जब आगे बढ़ा, तो पूरे इलाके का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। यात्रा चहनियां क्षेत्र के सेक्टर नंबर–2 के विभिन्न गांवों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
ग्रामीणों के उत्साह, बच्चों की मुस्कान और युवाओं के जोश ने इस आयोजन को एक जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया। लोगों ने शिवांश त्रिपाठी उर्फ प्रांजल के प्रति विश्वास और समर्थन का खुलकर प्रदर्शन किया। मार्ग में जगह-जगह स्वागत सभाओं का आयोजन हुआ, जहां स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और जनसमस्याओं के समाधान की अपेक्षाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान शिवांश त्रिपाठी उर्फ प्रांजल ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे क्षेत्र की एकता, राष्ट्रप्रेम और विकास के संकल्प का प्रतीक है। जनता का यह अपार स्नेह और समर्थन मुझे क्षेत्र की सेवा के लिए नई ऊर्जा देता है। मेरा लक्ष्य है कि क्षेत्र का समग्र विकास हो, हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचे और हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
तिरंगा यात्रा का भव्य समापन लक्ष्मणगढ़ गांव स्थित लच्छू ब्रह्म जी के स्थान पर हुआ। यहां उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे आयोजन का समापन सौहार्द और सामाजिक समरसता के वातावरण में हुआ।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अवनीश पाण्डेय, बृजेश यादव, अमित उपाध्याय, पंकज पाठक, गोविंद गुप्ता, प्रदुम्न यादव, चट्टान सिंह, मनीष सिंह, अजित सिंह, शिवम पाण्डेय, गोपाल पांडेय, रिशु पांडेय, अजित तिवारी, अंकित पांडेय, सौरभ सिंह, प्रदीप यादव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता, युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनी, बल्कि यह आयोजन क्षेत्रीय राजनीति में शिवांश त्रिपाठी उर्फ प्रांजल की मजबूत जनआधार और सक्रिय नेतृत्व क्षमता का स्पष्ट संकेत भी माना जा रहा है। यह यात्रा चहनियां क्षेत्र में जनसंपर्क, जनसमर्थन और विकास की राजनीति का एक नया संदेश देकर समाप्त हुई।


















