सीडीओ ने मूसा खाड़ बांध कार्यों का किया औचक निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर किसानों के हित में नहर में पानी छोड़ने के दिए निर्देश

64

सीडीओ ने मूसा खाड़ बांध कार्यों का किया औचक निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर किसानों के हित में नहर में पानी छोड़ने के दिए निर्देश

चंदौली : जनपद में सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने मंगलवार को मूसा खाड़ बांध प्रखंड में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी रफ्तार पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने भूपौली मुख्य नहर के किमी 0.280 से 6.030 तथा किमी 6.506 से 7.940 के बीच चल रहे सीसी लाइनिंग कार्य का जायजा लिया। मौके पर ढलान की लाइनिंग का कार्य बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। अधिशासी अभियंता रविशंकर मिश्रा ने बताया कि नहर के बेड की लाइनिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन ढलान का कार्य पिछले दो महीनों से लंबित है।

इस पर सीडीओ ने अधिशासी अभियंता और संबंधित ठेकेदार को तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अब किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मूसा खाड़ बांध प्रखंड के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदार को संयुक्त रूप से प्रतिदिन निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।

इसके अलावा सीडीओ ने बढ़वल राजवाहा परियोजना का भी निरीक्षण किया, जहां किमी 0.000 से 17.000 तक नहर के आंतरिक एवं बाहरी हिस्सों में मिट्टी और पक्के कार्यों की बहाली तथा नहरी भूमि सीमांकन की प्रगति भी अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और सभी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द से जल्द नहर में पानी छोड़ा जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।