मामूली विवाद में हुई हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पत्नी पर टिप्पणी से भड़का था आरोपी, गड़ासे से वार कर ली जान
चंदौली : जनपद की शहाबगंज पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद कर लिया। यह घटना शहाबगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर खुर्द गांव के सामने चकिया-चंदौली मार्ग पर मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट से जुड़ी है, जिसमें घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार 01 मई 2026 को आशीष कुमार पाठक ने थाना शहाबगंज पर सूचना दी थी कि उनके रिश्तेदार कोमल तिवारी पुत्र रामानंद तिवारी निवासी गजधरा थाना शहाबगंज को 30 अप्रैल की शाम सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जिला चिकित्सालय चंदौली में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान 02 मई को उनकी मौत हो गई।
मामले में थाना शहाबगंज पर मुकदमा संख्या 37/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान 06 मई की रात चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी अमरनाथ यादव तियरा मार्केट के आगे लालपुर-शिवपुर मार्ग के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी अमरनाथ यादव पुत्र स्वर्गीय बलिराम यादव निवासी फत्तेपुर खुर्द थाना शहाबगंज ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 30 अप्रैल की शाम कोमल तिवारी उसकी पत्नी को लेकर बार-बार अपशब्द कह रहा था, जिससे गुस्से में आकर उसने गड़ासे से उसके सिर पर वार कर दिया।
वार लगने से कोमल तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद वह डर के कारण मौके से फरार हो गया था। बाद में उसे पता चला कि बीएचयू ट्रामा सेंटर में घायल की मौत हो गई है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक प्रेमचंद्र सिंह, संतोष सिंह, राजेंद्र नाथ सिंह, कांस्टेबल अजय पटेल तथा महिला कांस्टेबल नीतू भारती शामिल रहीं।


















