चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामिया गिरफ्तार, गोवध मामले में चल रहा था वांछित

101

चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामिया गिरफ्तार, गोवध मामले में चल रहा था वांछित

चंदौली : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अलीनगर पुलिस टीम ने गोवध से जुड़े गंभीर मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि चंदौली पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में सक्रिय अलीनगर पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 05:50 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बन्टी अली (35 वर्ष) पुत्र बुद्धु अली निवासी भोलनाल की गली, संकटमोचन, थाना कोतवाली शहर, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गोधना चौराहा हाईवे के पास से गिरफ्तार किया।

यह अभियुक्त थाना अलीनगर में दर्ज मुकदमा संख्या 101/2025, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत वांछित था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

आपराधिक इतिहास भी रहा है लंबा

गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इसके खिलाफ मिर्जापुर जिले में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें लापरवाही से वाहन चलाकर मौत (304ए), मारपीट, गाली-गलौज और धमकी जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। हाल ही में इसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज हुआ था।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस सफल गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह (चौकी प्रभारी भुपौली), कांस्टेबल प्रभाकर एवं रिजर्व कांस्टेबल शुभम की अहम भूमिका रही।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही, जनपद में अन्य वांछित व इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।