हाईवे पर खड़ी ट्रकों से तेल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, एक शातिर गिरफ्तार

73

हाईवे पर खड़ी ट्रकों से तेल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, एक शातिर गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों से डीजल व रिफाइंड तेल चोरी करने वाले गिरोह का मुगलसराय पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, 9 फरवरी 2026 को राजस्थान निवासी ट्रक चालक छित्तमल मीणा ने मुगलसराय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह नेपाल के बीरगंज से रिफाइंड ऑयल लादकर वाराणसी आ रहा था। रास्ता भटकने के कारण उसने 8 फरवरी की रात छिमिया क्षेत्र में ट्रक खड़ा कर दिया।

इसी दौरान बदमाशों ने रस्सा काटकर व तिरपाल फाड़कर 47 डिब्बा रिफाइंड ऑयल और टंकी से डीजल चोरी कर लिया। पास खड़ी दो अन्य ट्रकों से भी डीजल पार कर दिया गया था।
मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार सुबह गंजी प्रसाद तिराहा के पास से आदर्श मिश्रा उर्फ छोटू (26) निवासी डबरिया, थाना धानापुर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर हाईवे व रिंग रोड किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता था। चोरी किया गया डीजल ट्रैक्टर चालकों को बेच दिया जाता था, जबकि अन्य सामान को बाजार में खपा दिया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तारी टीम

थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश प्रजापति व उपनिरीक्षक रामकेर यादव की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।