विश्व एड्स दिवस पर निकली जागरूकता रैली, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
चंदौली : अभिषेक नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट की ओर से सोमवार को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत संस्था के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर की। छात्र-छात्राओं की यह जागरूकता यात्रा सकलडीहा रोड से होते हुए पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुँची। यहाँ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय ने पुनः रैली को हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना किया। रैली चंदौली पुराना बाज़ार, मुख्य मार्गों व भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हुए वापस अभिषेक नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट परिसर पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ।
एड्स पर जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार : चेयरमैन डॉ. संजय कुमार
रैली के दौरान छात्रों ने पोस्टर, जागरूकता नारों और जन-संदेशों के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। चेयरमैन डॉ. संजय कुमार ने कहा “विश्व एड्स दिवस का उद्देश्य लोगों को इस खतरनाक बीमारी के प्रति जागरूक करना है, ताकि संक्रमण से बचाव के उपाय समय रहते अपनाए जा सकें।”
उन्होंने बताया कि एड्स का संक्रमण मुख्य रूप से असुरक्षित यौन संबंध, एचआईवी संक्रमित व्यक्ति द्वारा उपयोग किए गए इंजेक्शन/ब्लेड/उपकरण साझा करने, तथा संक्रमित खून चढ़ाने से फैलता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “एड्स पीड़ित व्यक्ति से हाथ मिलाने, साथ बैठने, बात करने या साथ खाने से संक्रमण नहीं फैलता। इसलिए ऐसे मरीजों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव करना सामाजिक रूप से गलत और मानवता के खिलाफ है।”
बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्रों की उपस्थिति
रैली में नर्सिंग कॉलेज के शिक्षक और छात्र-छात्राएँ शामिल रहे। जिनमें प्रमुख रूप से शिवजनम जी, अमित पचौरी, रामअशीष यादव, प्रीति गुप्ता, प्रीति कुमारी, शिखा सिंह, सुधा, दिव्या, रामभजन, सरिता, नीलू, श्वेता, सिद्धि, कावेरी, प्रियंका, दीपशिखा, पूजा, दीपाली सहित अन्य नर्सिंग अध्यापकगण उपस्थित रहे।
रैली के माध्यम से अभिषेक नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट ने समाज को एक सशक्त संदेश दिया कि एचआईवी/एड्स से लड़ने का एकमात्र रास्ता जागरूकता, सुरक्षित व्यवहार और वैज्ञानिक सोच है।


















