चंदौली के डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान, सुनील गावस्कर और ब्रेट ली ने किया सम्मानित
चंदौली : ज़िला चंदौली के लिए गर्व का क्षण रहा जब गोवा में आयोजित “होम्योपैथिक रिसर्च समिट–4” में मुगलसराय के आलुमिल निवासी व चर्चित होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया गया। इस भव्य आयोजन में महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज़ ब्रेट ली और सांसद राजेश वर्मा ने उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस समिट में देशभर से आए 200 से अधिक होम्योपैथिक विशेषज्ञों ने अपनी एविडेंस बेस्ड रिसर्च को प्रस्तुत किया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति में अनुसंधान को बढ़ावा देना और इसके प्रभावी उपचारों को वैज्ञानिक आधार पर दुनिया के सामने रखना रहा।
डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और कई अंतरराष्ट्रीय मंचों से सम्मानित किया जा चुका है। कोरोना महामारी के कठिन दौर में उन्होंने हजारों मरीजों का निःशुल्क उपचार कर समाज में अद्भुत मिसाल पेश की थी। उनके इस कार्य से न केवल लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिला, बल्कि आर्थिक रूप से भी बड़ी संख्या में परिवारों को राहत मिली।
चिकित्सक परिवार से ताल्लुक रखने वाले डॉ. पाण्डेय के पिता और उनकी पत्नी डॉ. रिद्धि भी चिकित्सक हैं। समय-समय पर उन्हें भी भारत सरकार और राज्य सरकार की ओर से विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

सम्मान मिलने के बाद डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय ने विनम्रता पूर्वक कहा कि, “इस उपलब्धि का श्रेय मैं अपने माता-पिता, गुरुजनों और उन मरीजों को देता हूँ जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और जिनके उपचार ने मुझे इस राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।”
गोवा में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में चंदौली का नाम रोशन कर डॉ. अभिमन्यु ने यह साबित कर दिया कि समर्पण और सेवा भावना से किया गया कार्य हर स्तर पर सम्मान दिलाता है।









