सदन में गूंजा सड़क बदहाली का मुद्दा, विधायक ने सकलडीहा स्टेशन मार्ग की मरम्मत व निर्माण की उठाई मांग

124

सदन में गूंजा सड़क बदहाली का मुद्दा, विधायक ने सकलडीहा स्टेशन मार्ग की मरम्मत व निर्माण की उठाई मांग

चंदौली : सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस गंभीर मुद्दे को विधानसभा में नियम 301 के तहत उठाते हुए विधायक प्रभूनारायण सिंह यादव ने सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि सकलडीहा-डेढ़ावल मार्ग से अमावल होते हुए सकलडीहा रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला लगभग 6-7 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी हालत बेहद जर्जर है।

टूटी सड़क और कच्चे रास्ते का होगा कायाकल्प

विधायक ने बताया कि इस मार्ग में करीब 5 किलोमीटर हिस्सा पहले से पक्का बना हुआ है, जो अब टूट-फूटकर गड्ढों में बदल चुका है। वहीं, लगभग 2 किलोमीटर हिस्सा अभी भी सिर्फ मिट्टी के स्तर का है, जिसे शून्य से लेकर लेपन स्तर तक बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का पुनर्निर्माण न केवल क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए जरूरी है, बल्कि इससे जल्द बनने वाले जिला स्तरीय स्टेडियम को भी सीधा जोड़ने में मदद मिलेगी, जिससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक ने सरकार से की मांग

विधायक ने सदन में जोर देकर कहा कि जर्जर सड़कों और अधूरे हिस्से के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, साथ ही यह मार्ग आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से भी अहम है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मार्ग की विशेष मरम्मत और शेष हिस्से का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है और बरसात में यहां कीचड़ और जलभराव के कारण आना-जाना बेहद मुश्किल हो जाता है। अगर सरकार जल्द निर्माण कराती है तो यह न केवल आवागमन सुगम करेगा, बल्कि खेल, व्यापार और शिक्षा के लिए भी नई संभावनाएं खोलेगा।