अश्लील तस्वीर वायरल होने से आहत विवाहिता ने की आत्महत्या, तीन पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : धानापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव की एक विवाहिता ने सामाजिक अपमान और मानसिक पीड़ा से त्रस्त होकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
आरोप है कि गांव के ही तीन युवकों ने एक महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें व्हाट्सएप पर वायरल कर दी थीं, जिससे आहत होकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि रविवार रात लगभग एक बजे महिला ने अपने घर के अंदर छत की कुंडी से साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने देखा मंजर तो उड़ गए होश
परिवार वालों की नींद खुलने पर जब यह मंजर देखा गया तो उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। आनन-फानन में घटना की जानकारी धानापुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर थाना प्रभारी शरद गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पं. कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल भेजा दिया।
मृतिका के पति ने लगाया आरोप
मृतका के पति ने थाने में तहरीर देकर तीन नामजद युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अश्लील फोटो वायरल किए जाने से महिला मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुकी थी, जिससे उसने आत्मघाती कदम उठाया।
तीन आरोपियों पर FIR दर्ज
इस गंभीर मामले पर थाना प्रभारी शरद गुप्ता ने बताया कि, “मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
इस हृदयविदारक घटना ने समाज को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सोशल मीडिया पर हो रहे डिजिटल अपराधों के दुष्परिणाम कितने भयावह हो सकते हैं। वहीं, गांव में मातम पसरा है और लोग न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


















