श्रावण माह को लेकर चंदौली पुलिस लाइन में पीस कमेटी की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील
चंदौली : श्रावण माह के दृष्टिगत जनपद में शांति और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग ने की, जबकि उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन दिगम्बर कुशवाहा एवं अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) भी मौजूद रहे।
बैठक में जनपद के गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी से अपील की कि आगामी श्रावण मास के त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने आसपास हो रही संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
डीजे और लाउडस्पीकर पर नियंत्रण
बैठक में यह स्पष्ट निर्देश दिया गया कि डीजे की ध्वनि सीमा नियमानुसार रहे तथा किसी प्रकार का आपत्तिजनक गीत न बजाया जाए, जिससे किसी धर्म या वर्ग की भावनाएं आहत हों। हाईवे, मंदिरों और रेलवे ट्रैक के निकट स्थित संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक इंतजाम
कांवड़ियों के सुगम आवागमन और विश्राम की व्यवस्था हेतु सभी पेट्रोल पंपों और कार्यदायी संस्थाओं को साफ-सफाई और पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया गया। साथ ही मंदिर परिसरों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की जाएगी। महिला पुलिस सादी वर्दी में भी मंदिरों के आसपास मौजूद रहेंगी, ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
समन्वय और सतर्कता के निर्देश
जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत, रास्तों की साफ-सफाई तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारीगण को भौतिक निरीक्षण कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा के दौरान आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन और 24×7 पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी, वहीं मंदिरों के पास एम्बुलेंस की भी तैनाती की जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील
बैठक में सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई। बिना पुष्टि के कोई भी सूचना साझा न करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उपस्थित अधिकारीगण
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा, उपजिलाधिकारी पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्रा, उपजिलाधिकारी चकिया, उपजिलाधिकारी नौगढ़, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, खाद्य एवं आपूर्ति, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, नगर एवं ग्राम पंचायत विभाग सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


















