नमाज पढ़ने गए नमाजी की कार का शीशा टूटा, नमाजियों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

191

नमाज पढ़ने गए नमाजी की कार का शीशा टूटा, नमाजियों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बकरीद के पावन अवसर पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चंदौली ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे एक व्यक्ति की कार का शीशा टूटा हुआ मिला। जैसे ही नमाजी ईदगाह से लौटे, उनकी अर्टिगा कार की हालत देखकर वह हैरान रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद अन्य नमाजियों में आक्रोश फैल गया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और मामले की जांच में जुट गई।

पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर कराया शांत

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, चंदौली निवासी एक व्यक्ति अपनी अर्टिगा कार से बकरीद की नमाज पढ़ने पहुंचे थे। नमाज के बाद जब वह लौटे तो देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ है। यह देख उनके साथ-साथ अन्य नमाजियों में भी गुस्सा फैल गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

सीओ सदर राजेश राय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने तहरीर में बताया कि गांव से ईदगाह आते समय रास्ते में एक व्यक्ति से उसका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित ने आशंका जताई है कि उसी व्यक्ति की ओर से इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। इस आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस घटना की तह तक जाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीओ सदर बोले – शांति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में

सीओ राजेश राय ने यह भी स्पष्ट किया कि यह घटना कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली नहीं है और क्षेत्र में पूरी तरह शांति बनी हुई है। पुलिस हर कोण से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।