ग्राम पंचायत पंड्या में प्रमुख सचिव का निरीक्षण, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

230

ग्राम पंचायत पंड्या में प्रमुख सचिव का निरीक्षण, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव ने शुक्रवार को चंदौली जनपद की ग्राम पंचायत पंड्या का दौरा कर विभिन्न विभागीय योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम सचिवालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय सहित कई स्थलों का गहन अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव सबसे पहले ग्राम सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने कंप्यूटर उपकरणों और डिजिटल संसाधनों की स्थिति जानी। सचिवालय के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की प्रगति, नागरिक सेवाओं की उपलब्धता और आम जनता को हो रही सहूलियतों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सचिवालय को ग्राम स्तर पर प्रभावी प्रशासनिक केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया विशेष ध्यान

इसके उपरांत प्रमुख सचिव ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों और एएनएम की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता, नियमितता तथा गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं जनजीवन की रीढ़ हैं, ऐसे में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था का लिया जायजा

प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर उन्होंने बच्चों को वितरित की गई पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, शिक्षण माहौल, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति तथा शौचालय व साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की। विद्यालय में स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर उन्होंने शिक्षकों को प्रोत्साहित किया और अभिभावकों से संवाद कर सुझाव भी लिए।

इसके बाद प्रमुख सचिव ने आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया। वहां बच्चों को दिए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता, मात्रा तथा वितरण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने पोषण ट्रैकिंग प्रणाली और बच्चों के शारीरिक विकास की निगरानी पर विशेष जोर दिया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि पोषण योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पूर्ण पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

कृषि विभाग की लापरवाही पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग द्वारा मृदा परीक्षण कार्य में ढिलाई पाए जाने पर प्रमुख सचिव ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को सटीक मृदा परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की उदासीनता पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जनकल्याणकारी योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

प्रमुख सचिव ने कहा कि शासन की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब वे समय से लाभार्थियों तक पहुंचें। उन्होंने अधिकारियों और ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, ताकि आमजन को उनका समुचित लाभ मिल सके।

निरीक्षण में मौजूद रहे जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी

इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई के राय, परियोजना निदेशक, डीडी कृषि, डीपीआरओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन अधिकारियों ने मौके पर ही दिया।